उत्तराखंड में बेटे को टक्कर मारने वाले वाहन को मां ने खुद खोजा, मामले की दोबारा जांच होगी

Ads

उत्तराखंड में बेटे को टक्कर मारने वाले वाहन को मां ने खुद खोजा, मामले की दोबारा जांच होगी

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 05:43 PM IST

देहरादून, सात अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून जिले के प्रेमनगर क्षेत्र में ‘हिट एंड रन’ मामले में दो साल से भी अधिक पहले बेटे को खो चुकी एक मां ने करीब डेढ़ साल के अथक प्रयास के बाद दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन का पता लगा लिया है, जिसे खोजने में पुलिस नाकाम रही थी।

सहस्त्रधारा रोड निवासी ललिता चौधरी ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल को साक्ष्यों सहित प्रार्थनापत्र सौंपा है, जिस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने मामले की पुनः जांच के आदेश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललिता का 18 वर्षीय बेटा क्षितिज चौधरी 16 फरवरी 2024 को प्रेमनगर क्षेत्र में पैदल जा रहा था कि तभी एक तेज रफ़्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। क्षितिज को अस्पताल पहुंचाया गया जहां अगले दिन उसकी मौत हो गयी ।

ललिता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला तो दर्ज किया लेकिन ठीक तरह से उसकी जांच नहीं की और कुछ महीनों बाद अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगाकर उसे बंद कर दिया ।

हालांकि, बेटे को न्याय दिलाने का संकल्प कर चुकी ललिता ने हार नहीं मानी और खुद आरोपी को ढूंढने के प्रयास शुरू किए। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई और महीनों तक उन्हें खंगालते हुए क्षितिज को टक्कर मारने वाले वाहन तक पहुंच गयीं।

पता चला कि वह वाहन डंपर था जिसके बाद ललिता ने आरटीओ कार्यालय जाकर उस डंपर के बारे में सभी जानकारी हासिल की ।

ललिता चार अप्रैल को सबूतों के साथ एसएसपी डोबाल से मिलीं और मामले की दोबारा जांच का अनुरोध किया । एसएसपी ने इसके आदेश जारी करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रेमनगर के पुलिस थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि दोबारा जांच करने के लिए जल्द ही न्यायालय से अनुमति मांगी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मामले में सामने आए नए सबूतों का परीक्षण कर जांच शुरू करने के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी जाएगी जिसके बाद दोबारा विवेचना की जाएगी ।

भाषा दीप्ति

रंजन

रंजन