नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) टी20 क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए एक बाइक सवार ने मध्य दिल्ली की व्यस्त सड़क पर खतरनाक स्टंट करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बाइक सवार के रुकने पर नाराज लोगों के एक समूह ने उसे घेर लिया, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने बताया कि 15 फरवरी को रात करीब 11:30 बजे उन्हें ओल्ड राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार रोड पर एक बाइक सवार द्वारा लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की सूचना मिली थी, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि चालक की पहचान ओल्ड राजेंद्र नगर निवासी मोहित शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और चालक को पकड़ लिया और उसकी मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
अधिकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान मोहित ने बताया कि वह क्रिकेट मैच में पाकिस्तान पर भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए मोटरसाइकिल पर स्टंट कर रहा था।
घटना के समय चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई, क्योंकि कई लोग उसके साथ मारपीट की कोशिश कर रहे थे।
डीसीपी ने बताया कि भीड़ द्वारा हिंसा की आशंका को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और चालक को आक्रामक भीड़ से बचाया, भीड़ को तितर-बितर किया और उसे सुरक्षित रूप से इलाके से बाहर निकाला।
भाषा नोमान अविनाश
अविनाश