चेन्नई, 28 मई (भाषा) तमिलनाडु भर में मुस्लिम समुदाय ने बृहस्पतिवार को सुबह की विशेष नमाज के लिए मस्जिदों और खुले मैदानों में बड़ी संख्या में एकत्र होकर ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई।
चेन्नई में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ‘आइलैंड ग्राउंड’ में नमाज अता की।
मदुरै के तम्मुक्कम मैदान में हजारों नमाजी इकट्ठा हुए और सुबह सामूहिक नमाज में शामिल होकर ‘‘कुर्बानी के इस त्योहार’’ की शुरुआत की।
कोयंबटूर में श्रद्धालुओं ने विभिन्न खुले स्थानों और मस्जिदों में नमाज अता की।
विल्लुपुरम में ‘नगर पालिका मैदान’ में एक विशेष सामूहिक नमाज का आयोजन किया गया।
राज्य के सभी शहरों में इसी तरह की सामूहिक नमाज आयोजित की गई।
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, द्रविड मुन्नेत्र कषगम के प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीसामी और अन्य राजनीतिक नेताओं ने बकरीद के अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल आर्लेकर ने अपने संदेश में कहा, ‘ईद-उल-अजहा के इस पावन अवसर पर आपके घर खुशियों से, दिल शांति से और जीवन समृद्धि से भर जाए। यह पवित्र त्योहार हमें त्याग, करुणा और अटूट विश्वास के शाश्वत मूल्यों की याद दिलाता है।’
मुख्यमंत्री विजय ने अपनी बधाई में कहा, ‘ईद-उल-अजहा एक पवित्र अवसर है जो मानवता को विश्वास, त्याग, करुणा, बांटने और साथी मनुष्यों के प्रति चिंता के उच्च मूल्यों की शिक्षा देता है। यह हमें सादगी से त्योहार मनाने, कम भाग्यशाली लोगों के साथ अपनी खुशियां साझा करने तथा अपने घरों एवं समुदायों में प्रेम व क्षमा का अभ्यास करने की याद दिलाता है।’
भाषा सुमित माधव
माधव