नड्डा, सैनी रविवार को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक की निगरानी के लिए गुवाहाटी पहुंचे

Ads

नड्डा, सैनी रविवार को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक की निगरानी के लिए गुवाहाटी पहुंचे

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 09:12 PM IST

गुवाहाटी, नौ मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक की निगरानी के लिए शनिवार शाम को असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंचे।

इस बैठक में असम के अगले मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा कि नवनिर्वाचित विधायक रविवार सुबह पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बैठक कर नए नेता का चुनाव करेंगे।

भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने राज्य में लगातार तीसरी बार दो-तिहाई बहुमत के साथ जीत हासिल की है।

भाजपा ने हाल ही में 126 सदस्यीय राज्य विधानसभा के चुनाव में 82 सीट जीतीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 10-10 सीट पर जीत मिली।

उन्होंने कहा, “पार्टी के विधायक कल अटल बिहारी वाजपेयी भवन में बैठक करके विधायक दल के नए नेता का चुनाव करेंगे। नड्डा जी और सैनी जी क्रमशः केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।”

प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक के तुरंत बाद राजग के सहयोगी दलों के विधायकों की बैठक भी उसी स्थान पर होगी।

अपने नव निर्वाचित विधायकों की बैठक पहले ही कर चुकी एजीपी ने मुख्यमंत्री पद के लिए हिमंत विश्व शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा है।

निवर्तमान मुख्यमंत्री शर्मा ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा नेता के चुनाव के बाद एजीपी और बीपीएफ अपनी मंजूरी देंगी, जिसके बाद नया नेता राज्यपाल से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।

उन्होंने कहा कि नयी सरकार 12 मई को पूर्वाह्न 11 बजे शपथ लेगी और शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उपस्थित होंगे।

शर्मा ने बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद आचार्य ने शर्मा से नयी सरकार के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक सरकार का प्रमुख बने रहने का अनुरोध किया था।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश