कोहिमा, 12 फरवरी (भाषा) ‘ऑल नगालैंड एडहॉक टीचर्स ग्रुप’ (एएनएटीजी)-2015 बैच ने 1,166 शिक्षकों की सेवाओं को नियमित करने में कथित देरी के विरोध में जारी अपने आंदोलन और भूख हड़ताल का स्थल शुक्रवार से यहां स्कूल शिक्षा निदेशालय (डीओएसई) परिसर में स्थानांतरित करने की घोषणा की।
बैच के पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा को नियमित करने के लंबित मुद्दे पर सरकार द्वारा तय समयसीमा या नीतिगत प्रतिबद्धता नहीं दिखाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि समूह चार फरवरी से लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहा है और आंदोलन स्थल को डीओएसई परिसर में स्थानांतरित करने का उद्देश्य स्कूल शिक्षा और शिक्षक प्रबंधन के लिए जिम्मेदार विभाग से सीधे संवाद करना तथा त्वरित प्रशासनिक एवं नीतिगत हस्तक्षेप सुनिश्चित करना है।
पदाधिकारी ने कहा कि आंदोलन कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार से शुरू हुई भूख हड़ताल भी शुक्रवार से शिक्षा निदेशालय में की जाएगी।
शिक्षकों के संगठन ने 2015 से पहले नियुक्त 1,166 एडहॉक शिक्षकों की सेवा तत्काल नियमित करने की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि लंबे समय से हो रही देरी के कारण प्रभावित शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर पेशेवर, आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भाषा राखी जितेंद्र
जितेंद्र