नजफगढ़ में ‘काले शीशे’ के खिलाफ अभियान के तहत 154 वाहनों पर कार्रवाई, चार जब्त

Ads

नजफगढ़ में ‘काले शीशे’ के खिलाफ अभियान के तहत 154 वाहनों पर कार्रवाई, चार जब्त

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 06:30 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 06:30 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में अवैध ‘टिंटेड’ ग्लास (कारों के काले शीशे) के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान थार समेत कुल 154 वाहनों पर कार्रवाई की गई और चार वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कारों की खिड़कियों पर काली फिल्म लगाने को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर नजफगढ़ में 25 मार्च को यह अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, कार के काली फिल्म लगे शीशे गंभीर सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा करते हैं, खासकर महिलाओं के लिए, और इसका उपयोग आपराधिक गतिविधियों को छिपाने के लिए भी किया जा सकता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘इस बढ़ती समस्या पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है।’

इस अभियान के दौरान, अवैध रूप से काले शीशे के उपयोग को लेकर केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 की संबंधित धाराओं के तहत 154 वाहनों पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि इसके अतिरिक्त, बिना लाइसेंस के गाड़ी चलाना, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और दुर्व्यवहार जैसे उल्लंघनों के लिए चार वाहनों को जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि वाहनों पर लगी काली फिल्म को मौके पर ही हटा दिया गया। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनमें से अधिकांश में थार और स्कॉर्पियो जैसे लोकप्रिय मॉडल शामिल थे।’’

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष