राजस्थान में पंचायत राज कार्यालयों में हर दिन होगा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान

Ads

राजस्थान में पंचायत राज कार्यालयों में हर दिन होगा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 11:18 AM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 11:22 AM IST

जयपुर, 27 फरवरी (भाषा) राजस्थान के पंचायत राज विभाग के कार्यालयों में हर दिन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान अनिवार्य होगा। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह घोषणा की।

सदन में पंचायती राज विभाग की अनुदान मांग पर हुई बहस का जवाब दे रहे मंत्री ने कहा कि पंचायती राज के सभी कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह राष्ट्रगीत और कार्यालय का समय समाप्त होने पर राष्ट्रगान गाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इसमें जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत कार्यालय शामिल हैं।

दिलावर ने कहा कि हमारी सरकार गांवों को सशक्त बनाने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थापित मंदिरों के नाम पट्टे जारी किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि सभी गांवों को चरणबद्ध रूप से ‘स्ट्रीट लाइट’ से रोशन किया जाएगा। उन्होंने गांवों की परिसम्पत्तियों को सूचीबद्ध कराकर ऑनलाइन कराने, अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के लिए घोषणा की। मंत्री ने कहा कि नगर पालिका के नियमों की तरह अब ग्राम पंचायतों में मांस बिक्री के लिए लाईसेंस लेने होंगे।

मंत्री ने लिपिक भर्ती-2013 में कथित अनियमितताओं की जांच विशेष आपरेशन्स समूह (एसओजी) से करवाने की घोषणा की।

दिलावर ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को हर माह चार बार गांवों में जाकर रात्रि चौपाल करने और रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अपने विभागीय कार्यालयों में भारत निर्मित वस्तुओं के इस्तेमाल के निर्देश दिए।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा