एनसीईएल ने जनवरी 2023 से 5,866 करोड़ रुपये मूल्य के उत्पादों का निर्यात किया: सरकार

Ads

एनसीईएल ने जनवरी 2023 से 5,866 करोड़ रुपये मूल्य के उत्पादों का निर्यात किया: सरकार

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 08:42 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 08:42 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) सरकार ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (एनसीईएल) ने जनवरी 2023 में अपनी स्थापना के बाद से 5,866.10 करोड़ रुपये मूल्य के उत्पादों का निर्यात किया है।

सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एक सवाल के लिखित जवाब में उच्च सदन को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2023 में अपनी स्थापना के बाद से एनसीईएल ने विश्व भर के 38 देशों में 14,89,102 मीट्रिक टन कृषि और संबद्ध उत्पादों का निर्यात किया है, जिनका मूल्य 5,866.10 करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के साथ सहकारिता मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर की तीन बहु-राज्य सहकारी समितियों की स्थापना की है। इन सहकारी समितियों में निर्यात के लिए राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड, जैविक उपज के लिए राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (एनसीओएल) और गुणवत्ता वाले बीजों के लिए भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल) शामिल हैं।

शाह ने बताया कि एनसीईएल ने देश भर से 17,105 सहकारी समितियों को अपना सदस्य बनाया है, वहीं निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एनसीईएल ने 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस बीच, एनसीओएल ने देश भर से 14,550 सहकारी समितियों को अपना सदस्य बनाया है और उसने ‘‘भारत ऑर्गेनिक्स’’ ब्रांड के तहत अब तक 29 जैविक उत्पाद शुरू किए हैं।

भाषा अविनाश सुभाष

सुभाष