राजग के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन हो सकता है अगले माह, प्रधानमंत्री करेंगे अध्यक्षता

Ads

राजग के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन हो सकता है अगले माह, प्रधानमंत्री करेंगे अध्यक्षता

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 09:38 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अगले महीने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन वाले सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों का सम्मेलन होने की संभावना है। घटनाक्रम से वाकिफ सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानमंत्री मोदी करेंगे, जबकि राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान सहित कई केंद्रीय मंत्री इसमें हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि राजग शासित 22 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों का सम्मेलन जून के दूसरे हफ्ते में होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, सम्मेलन में राजग के घटक दलों से जुड़े केंद्रीय मंत्रियों-राम मोहन नायडू (तेलुगु देशम पार्टी), राजीव रंजन सिंह (जनता दल-यूनाइटेड), एचडी कुमारस्वामी (जनता दल-सेक्युलर) और अनुप्रिया पटेल (अपना दल-सोनेलाल) के भी शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा।

मोदी ने छह मई 2014 को प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभाला था। 2019 में वह दूसरी बार और 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री चुने गए थे।

सूत्रों के अनुसार, सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकारों के नेता ‘जीवन की सुगमता’ और ‘व्यापार सुगमता’ को बढ़ावा देने तथा 2047 तक ‘विकसित भारत’ के साझा सपने को साकार करने के लिए आगे किए जाने वाले सुधारों के संबंध में विचारों और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में विभिन्न विकास कार्यक्रमों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और 2047 तक भारत को विकसित देश में बदलने के मोदी सरकार के दृष्टिकोण की समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि सम्मेलन में विकास योजनाओं पर राज्यों और केंद्र के बीच सुचारु तालमेल स्थापित करने के तरीकों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने इससे पहले अगले दशक के लिए अपनी सरकार की सुधार प्राथमिकताओं की रूपरेखा पेश करते हुए कहा था कि उनकी सरकार की ‘सुधार एक्सप्रेस’ ने व्यवस्थागत बदलाव सुनिश्चित किया है और आम नागरिकों को महत्वपूर्ण रूप से लाभ पहुंचाया है।

सूत्रों के मुताबिक, मोदी ने अपने मंत्रिपरिषद की हालिया बैठक में कहा था कि केंद्रीय मंत्रियों को लोगों के लिए ‘जीवन की सुगमता’ सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों को यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया था कि लोगों को सरकारी कल्याणकारी कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ मिले।

सूत्रों के अनुसार, मोदी ने कहा कि राजग सरकार भले ही 2014 से सत्ता में है, लेकिन 2026 में ध्यान भविष्य के लक्ष्यों और उपलब्धियों पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से कहा कि यह आगे देखने का समय है, न कि अतीत में किए गए कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को शासन और कार्य निष्पादन पर ध्यान केंद्रित रखने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकारी कार्यों को किसी भी रूप में नहीं लटकाया जाना चाहिए।

भाषा पारुल माधव

माधव