एनडीआरएफ ने पहली महिला टीम गढ़मुक्तेश्वर में तैनात की

एनडीआरएफ ने पहली महिला टीम गढ़मुक्तेश्वर में तैनात की

एनडीआरएफ ने पहली महिला टीम गढ़मुक्तेश्वर में तैनात की
Modified Date: November 29, 2022 / 08:55 pm IST
Published Date: January 5, 2021 12:13 pm IST

नयी दिल्ली, पांच जनवरी (भाषा) देश के संघीय आपदा बल एनडीआरएफ में सौ से अधिक महिला लड़ाकों एवं बचावकर्मियों के पहले जत्थे को शामिल किया गया है।

बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की प्रशिक्षित महिलाओं की पहली टीम को हाल में उत्तरप्रदेश के गढ़ मुक्तेश्वर शहर में गंगा नदी के किनारे आपात सेवाओं में तैनात किया गया।

एनडीआरएफ के महानिदेशक एस. एन. प्रधान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘महिलाओं की पहली बचाव टीम तैनात है। हाल में उत्तरप्रदेश सरकार ने एनडीआरएफ की एक टीम भेजने का आग्रह किया था और वे (महिलाएं) वहां (गढ़ मुक्तेश्वर) गईं। टीम बचाव नौकाओं एवं संबंधित उपकरणों का संचालन करती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन कर्मियों के पास बचावकर्मी कहे जाने वाले सभी कौशल हैं।’’

एनडीआरएफ में महिला कर्मियों को शामिल करने की पहल पिछले कुछ समय से चल रही थी। करीब एक दशक पहले तैयार इस बल में अभी तक सभी पुरुष कर्मी थे।

महानिदेशक ने कहा कि एनडीआरएफ में पिछले कुछ महीने में सौ से अधिक महिला कर्मी शामिल हुई हैं और उन्हें देश भर के बटालियनों में तैनात किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में महिला कर्मियों की संख्या 200 से अधिक हो सकती है।

महिला कर्मी कांस्टेबल और उप अधिकारी (उपनिरीक्षक और निरीक्षक) रैंक में शामिल की जा रही हैं।

मंजूरी के मुताबिक एक हजार से अधिक कर्मियों वाले एनडीआरएफ की प्रत्येक बटालियन में 108 महिला बचावकर्मी शामिल रह सकती हैं।

भाषा नीरज नीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में