नीट शुल्क वापसी: 13लाख उम्मीदवारों ने बैंक विवरण अद्यतन किए, समयसीमा 22 जून तक बढ़ाई गई

Ads

नीट शुल्क वापसी: 13लाख उम्मीदवारों ने बैंक विवरण अद्यतन किए, समयसीमा 22 जून तक बढ़ाई गई

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 11:54 AM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 11:54 AM IST

नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 का परीक्षा शुल्क वापस करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अद्यतन करने की समयसीमा 22 जून तक बढ़ा दी है।

प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के कारण यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी और इसे अब नये सिरे से आयोजित कराया जाएगा।

एनटीए ने नीट यूजी 2026 की पुर्नपरीक्षा 21 जून को कराए जाने की घोषणा के दौरान कहा था इस पुनर्परीक्षा के लिए कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।

एजेंसी ने यह भी कहा था कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही परीक्षा शुल्क का भुगतान कर दिया है, उन्हें यह राशि वापस कर दी जाएगी।

शुल्क वापसी के संबंध में 12 और 22 मई को जारी सार्वजनिक सूचनाओं के क्रम में एजेंसी ने 22 मई से 26 मई (रात 11:50 बजे तक) तक बैंक खाता संबंधी विवरण उपलब्ध कराने के लिए ‘नीट (यूजी) 2026 पंजीकरण’ पोर्टल पर सुविधा प्रदान की थी।

इसे लेकर एनटीए ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक सूचना साझा की थी, जिसमें उसने कहा था कि अब तक लगभग 13 लाख अभ्यर्थियों ने अपने बैंक खाते की जानकारी अद्यतन कर दी है। उसने कहा कि यह समयसीमा उन अभ्यर्थियों की मदद के लिए बढ़ाई गई है, जिन्होंने अभी तक अपनी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।

एनटीए द्वारा कराई गई परीक्षा में करीब 23 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।

उसने कहा, ‘‘एक बार बैंक खाते का विवरण उपलब्ध कराए जाने के बाद उसे अंतिम माना जाएगा और उसके बाद किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।’’

बैंक खाता विवरण जमा करने की सुविधा 22 जून (रात 11:50 बजे तक) तक उपलब्ध रहेगी।

मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी की परीक्षा इस वर्ष तीन मई को आयोजित की गई थी, जिसे 12 मई को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया था। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है और पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित है।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना