काठमांडू, 30 अगस्त (भाषा) नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने और लापता लोगों की सलामती की प्रार्थना करने के लिए एलजीबीटीक्यू प्लस समुदाय के सदस्य काठमांडू में एक कैंडल मार्च के लिए एकत्र हुए।
समुदाय के सदस्यों ने ‘ब्लू डायमंड सोसाइटी’ (बीडीएस) के नेतृत्व में, शनिवार को खुल्ला मंच पर कैंडल मार्च निकाला, मौन रखा और बुधवार को नेपाल में आई इस आपदा से प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की।
समुदाय के एक सदस्य ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘हमने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए और लापता लोगों की सलामती की प्रार्थना के लिए मोमबत्तियां जलाकर एक सभा आयोजित की।’’
शनिवार यानी 29 अगस्त के लिए प्रस्तावित 24वीं ‘नेपाल प्राइड परेड और गाईजात्रा उत्सव’ को विनाशकारी बाढ़ और पूरे नेपाल में प्रतिकूल परिस्थिति को देखते हुए रद्द करने के बाद बीडीएस द्वारा यह कैंडल मार्च आयोजित किया गया।
बीडीएस ने इंस्टाग्राम पर पहले पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि वह नियोजित परेड की जगह एक छोटा शोक कार्यक्रम आयोजित करेगा।
मध्य नेपाल में बुधवार को अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 734 हो गई और लगभग 2,500 लोग अब भी लापता हैं।
आपदा के पांचवें दिन भी बचावकर्मियों द्वारा खोज अभियान जारी रखने के बीच सभी आठ प्रभावित जिलों से शव बरामद किए गए हैं।
भाषा खारी संतोष
संतोष