दिल्ली के अस्पताल से नवजात शिशु का अपहरण; पुलिस ने कई टीमें गठित कीं

Ads

दिल्ली के अस्पताल से नवजात शिशु का अपहरण; पुलिस ने कई टीमें गठित कीं

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 05:51 PM IST

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) दिल्ली के रोहिणी स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल के प्रसव कक्ष से मंगलवार को तीन दिन के एक नवजात शिशु का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, घटना की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम सुबह करीब नौ बजे उत्तरी रोहिणी थाने को दी गई कि अस्पताल से एक नवजात शिशु का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया है।

बयान में कहा गया है, ‘शिकायतकर्ता की पहचान नरेला निवासी शाहीन के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि उसे 12 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसने 14 फरवरी को एक बच्चे को जन्म दिया।’

इसमें कहा गया है कि प्रसव कक्ष में भर्ती रहने के दौरान, लगभग 30 वर्ष की एक अज्ञात महिला अक्सर उसके पास आती और बातें करती और इस तरह उसने मां का विश्वास धीरे-धीरे जीत लिया। 17 फरवरी को सुबह लगभग पांच बजे, महिला ने कथित तौर पर दूध पिलाने के बहाने शाहीन से नवजात शिशु को ले लिया।

बयान में कहा गया है, ‘उसकी बात पर विश्वास करते हुए, मां ने बच्चे को उसे सौंप दिया। बाद में वह सो गई। जब शाहीन सुबह करीब आठ बजे उठी, तो उसने पाया कि महिला और उसका बच्चा दोनों वार्ड से गायब थे। उसने तुरंत अपने पति को सूचित किया और पीसीआर कॉल की गई।’

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर, उत्तरी रोहिणी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

आरोपी महिला का पता लगाने और शिशु को सुरक्षित बरामद करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संदिग्ध की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए अस्पताल के विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, जिनमें प्रवेश और निकास द्वार, गलियारे और आसपास की सड़कें शामिल हैं।

फुटेज की प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए विवरण से मेल खाने वाली एक महिला को नवजात शिशु को गोद में लिए हुए अस्पताल परिसर से बाहर निकलते हुए देखा गया है। अस्पताल के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और वार्ड परिचारकों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वार्ड में कैसे पहुंची और क्या वह किसी की रिश्तेदार या तिमारदार बनकर वार्ड में घुसी थी।

पुलिस अस्पताल में आने वाले लोगों के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि क्या आरोपी घटना से कुछ दिन पहले अस्पताल आई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को बच्चे के साथ फरार होने से रोकने के लिए पड़ोसी जिलों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर अलर्ट जारी कर दिया गया है और आरोपी की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा