नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की नवनियुक्त मुख्य सचिव शुक्रवार को यहां निर्वाचन आयोग (ईसी) के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नंदनी चक्रवर्ती ने जनवरी में राज्य के मुख्य सचिव के रूप में पदभार संभाला था।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह स्वाभाविक है कि जिस राज्य में चुनाव होना है, वहां के नये मुख्य सचिव को आयोग द्वारा बैठक के लिए बुलाया जाये।’’
यह बैठक पश्चिम बंगाल सरकार और मतदाता सूचियों के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग के बीच बार-बार होने वाले विवादों की पृष्ठभूमि में होगी।
हाल में, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने एसआईआर मुद्दे पर प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली उच्चतम न्यायालय की पीठ के समक्ष अपने राज्य का व्यक्तिगत रूप से पक्ष रखा था।
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में अगले दो महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तिथियों पर समाप्त होगा।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश