कोलकाता, 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लोगों ने परिवर्तन के लिए पूरे उत्साह से मतदान किया और ‘अंग, बंग और कलिंग’ क्षेत्र में अगले महीने भाजपा की सरकार बनेगी।
‘अंग, बंग, कलिंग’ प्राचीन साम्राज्य थे, जो वर्तमान में असम, बंगाल और ओडिशा हैं।
कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करेगी और बृहस्पतिवार को पहले चरण में हुए मतदान में शामिल 152 सीट में से 110 से अधिक सीट जीतेगी।
उन्होंने 92 प्रतिशत से अधिक मतदान का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘बंगाल के लोगों ने पहले चरण में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और परिवर्तन के लिए उत्साहपूर्वक मतदान किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों को पहले चरण के मतदान के दौरान किसी की मौत न होने देने के लिए धन्यवाद देता हूं।’’ उन्होंने यह भी बताया कि 2016 के विधानसभा चुनाव में 1,278 लोग घायल हुए थे और 2021 में 1,681 लोग घायल हुए थे।
वर्तमान में राज्य में ही मौजूद शाह ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘पांच मई के बाद ‘अंग, बंग और कलिंग’ में हमारा शासन होगा।’’
भाजपा 2024 में ओडिशा में सत्ता में आई थी । अब वह असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने और पश्चिम बंगाल में 15 साल पुरानी तृणमूल सरकार को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रही है।
शाह ने कहा कि बंगाल में अगर भाजपा की सरकार आई तो बंगाल में ही रहने वाला, बांग्ला बोलने वाला व्यक्ति ही मुख्यमंत्री बनेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और बंगाल में ‘भाईपो कर’ और ‘सिंडिकेट राज’ को खत्म करेगी।’’
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी निवेशकों का विशेष तौर पर स्वागत करेगी।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा