एनआईए ने मानव तस्करी गिरोह से जुड़े मामले में दुर्गापुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया

Ads

एनआईए ने मानव तस्करी गिरोह से जुड़े मामले में दुर्गापुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 03:12 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 03:12 PM IST

कोलकाता/दुर्गापुर, 27 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने फर्जी पासपोर्ट के जरिए श्रमिकों को पश्चिम एशियाई देशों में भेजे जाने से जुड़े मानव तस्करी के एक मामले में सोमवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान गोलाम जमा के रूप में हुई है। उसे दुर्गापुर के वार्ड संख्या-13 स्थित न्यू स्टील पार्क इलाके में मेन गेट के निकट उसके घर पर करीब तीन घंटे तक तलाशी और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि जांच एजेंसियों को संदेह है कि जमा उस गिरोह का सदस्य था, जो विदेश में संविदा आधारित रोजगार दिलाने के नाम पर श्रमिकों की पश्चिम एशियाई देशों में तस्करी करता था। उन्होंने कहा कि जांचकर्ता इस आरोप की भी जांच कर रहे हैं कि विदेश भेजे जाने वाले लोगों की यात्रा सुगम बनाने के लिए उनके लिए फर्जी पासपोर्ट की व्यवस्था की जाती थी।

एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मानव तस्करी के एक गिरोह से जुड़े मामले की जांच के तहत यह तलाशी अभियान चलाया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा जांच से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। चूंकि जांच अभी जारी है, इसलिए इस स्तर पर अभियान से जुड़ी अधिक जानकारी सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा।’’

अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ का रहने वाला जमा करीब चार वर्ष पहले स्थानीय महिला से विवाह करने के बाद दुर्गापुर आकर बस गया था। वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ न्यू स्टील पार्क इलाके में रह रहा था।

उन्होंने कहा कि जांचकर्ता जमा के पूर्व रोजगार संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच कर रहे हैं।

एनआईए अधिकारी के अनुसार, जमा ने पहले छत्तीसगढ़ में एक टायर की दुकान पर काम किया था। बाद में वह एक ‘ट्रैवल एजेंसी’ से जुड़ गया, जहां कथित तौर पर उसका संपर्क विदेशों में श्रमिकों को भेजने वाले एक संगठित गिरोह से हुआ। एजेंसी को संदेह है कि ट्रैवल एजेंसी की आड़ में अवैध मानव तस्करी कारोबार किया जा रहा था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जमा पड़ोसियों से बहुत कम मेलजोल रखता था। उन्होंने कहा कि वह अक्सर मलेशिया और सऊदी अरब जैसे देशों की यात्रा करता था, हालांकि उस समय उसकी इन यात्राओं का उद्देश्य सार्वजनिक रूप से ज्ञात नहीं था।

सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान एनआईए अधिकारियों ने जमा की पत्नी से भी पूछताछ की।

भाषा गोला नरेश

नरेश