नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण ब्यूरो (एनआईए) ने मंगलवार को पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी से जुड़े तीन आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क मामलों की जांच के सिलसिले में पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर छापे मारे।
एनआईए की टीम ने दोनों राज्यों के नौ जिलों में कुल 18 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ करके महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, छापेमारी के दौरान कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और संचार नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन का रिकॉर्ड तथा जांच के दायरे में आए लोगों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां जुटाई गईं।
छापेमारी के दौरान जुटाए गए सभी साक्ष्यों और सूचनाओं को जांच, फॉरेंसिक और तकनीकी परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि इस पूरे सीमा-पार षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जा सके।
एनआईए ने कुछ लोगों को नोटिस जारी करके पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। एजेंसी का उद्देश्य सीमा पार से संचालित किए जा रहे भट्टी के नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।
एनआईए ने कहा कि मंगलवार की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य भट्टी के सहयोगियों और तीनों मामलों से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करना था।
जांच में अब तक पता चला है कि मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले में शहजाद भट्टी का हाथ था।
अप्रैल 2026 में एनआईए ने इस मामले में फरार आरोपी के रूप में भट्टी और एक अन्य आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप