निठारी कांड की पीड़िता के पिता ने सुरेन्द्र कोली की ‘आत्महत्या’ पर सवाल उठाया

Ads

निठारी कांड की पीड़िता के पिता ने सुरेन्द्र कोली की ‘आत्महत्या’ पर सवाल उठाया

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 10:49 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 10:49 PM IST

नोएडा, 18 सितंबर (भाषा) निठारी कांड के दौरान जान गंवाने वाली 15 वर्षीय एक लड़की के पिता ने इस मामले में आरोपी रहे सुरेन्द्र कोली की शुक्रवार को हरिद्वार में मौत होने पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उसकी मौत आत्महत्या के कारण नहीं हुई है।

निठारी कांड 2006 में नोएडा के सेक्टर 31 स्थित एक बंगले के पिछले हिस्से और नालियों से कंकाल, खोपड़ियां और हड्डियां बरामद होने के बाद सामने आया था।

कई बच्चों और महिलाओं के गायब होने और उनकी हत्याओं का पता चलने के बाद इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था।

झब्बू लाल (64) ने कहा, “सुरेंद्र कोली की हत्या की गई है। उसकी मौत आत्महत्या के कारण नहीं हुई।”

झब्बू लाल की बेटी 2005 की गर्मियों में लापता हो गई थी और बाद में उसका कंकाल मिला था।

कोली का शव शुक्रवार को हरिद्वार के सप्त सरोवर मार्ग स्थित उसकी चाय की दुकान में फंदे से लटका हुआ मिला था।

पुलिस ने कहा कि एक फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।

हालांकि, लाल ने सवाल उठाया कि जेल से रिहा होने के बाद कई महीने बाहर बिताने के बाद कोली ऐसा कदम क्यों उठाएगा।

उन्होंने कहा, “अगर उसने जेल में आत्महत्या की होती, तो समझा जा सकता था कि वह अवसाद में था। लेकिन जेल से रिहा होने और कई महीने बाहर बिताने के बाद उसने अपनी जान ले ली? इससे सवाल उठते हैं।”

लाल ने आरोप लगाया, “उसके पास कोई महत्वपूर्ण जानकारी होगी, जिसे वह उजागर करने वाला होगा। इसीलिए उसकी हत्या की गई है।”

भाषा सं जोहेब

जोहेब