नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता भी समारोह में शामिल हुए। ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाया गया और उसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।
नितिन नवीन ने कहा, ‘‘80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, अपने परिवारजनों और यहां उपस्थित भाजपा परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने आज 80वां स्वतंत्रता दिवस विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ मनाया है और हम इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।’’
भाजपा अध्यक्ष ने एक अलग पोस्ट में कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत की ‘‘अमर राष्ट्रीय चेतना’’ का प्रतीक है, जिसने असंख्य बलिदानों, अथक संघर्ष और अटूट संकल्प के बल पर ‘‘स्वतंत्रता का स्वर्णिम सूर्योदय’’ देखा।
उन्होंने कहा, ‘‘यह दिवस हमें केवल हमारे गौरवशाली इतिहास की याद नहीं दिलाता, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। आइए, हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ एक मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देने का संकल्प लें।’’
भाषा गोला रंजन
रंजन