किसी खास दल को वोट न देने के लिए किसी भी समुदाय को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए: कांग्रेस नेता

किसी खास दल को वोट न देने के लिए किसी भी समुदाय को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए: कांग्रेस नेता

किसी खास दल को वोट न देने के लिए किसी भी समुदाय को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए: कांग्रेस नेता
Modified Date: April 11, 2026 / 11:41 am IST
Published Date: April 11, 2026 11:41 am IST

तिरुवनंतपुरम, 11 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने शनिवार को कहा कि किसी खास दल को वोट नहीं देने के लिए किसी भी समुदाय को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।

मुरलीधरन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पी. सी. जॉर्ज और उनके पुत्र शोन जॉर्ज के बयानों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए यह कहा। पी. सी. जॉर्ज और उनके पुत्र शोन जॉर्ज ने कैथोलिक गिरजाघर, उसके कुछ बिशप और उससे समर्थित एक समाचार पत्र की आलोचना करते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने चुनाव में उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

केरल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार को हुआ था और सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

मुरलीधरन ने कहा कि इन टिप्पणियों से यह संकेत मिलता है कि केरल के बाहर अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति भाजपा का जो रवैया रहा है, वही राज्य में दोहराया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी समुदाय ने हमें वोट नहीं दिया, इसके लिए उसे दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। कुछ मौकों पर हमें कुछ समुदायों का वोट मिलता है और कभी नहीं भी मिलता। कुछ चुनावों में हमें कुछ समुदायों का वोट नहीं मिला, लेकिन हमने उन्हें दोषी नहीं ठहराया।’’

उन्होंने दावा किया कि इस बार यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) को अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक, दोनों समुदायों से वोट मिले हैं।

भाषा सिम्मी गोला

गोला


लेखक के बारे में