किसी ‘इन्फ्लुएंसर’ को पैसे नहीं दिए गए, भाजपा ने झूठी कहानी गढ़ी: कांग्रेस

Ads

किसी 'इन्फ्लुएंसर' को पैसे नहीं दिए गए, भाजपा ने झूठी कहानी गढ़ी: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 06:24 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 06:24 PM IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यह फर्जी कहानी गढ़ी थी कि मुख्य विपक्षी दल ने एआई समिट को बदनाम करने के लिए कुछ ‘इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर’ को पैसे दिए थे।

पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कानूनी कार्रवाई की शुरुआत किए जाने के बाद भाजपा का झूठ बेनकाब हो गया।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह झूठा आरोप लगाया गया कि कांग्रेस पार्टी और भारतीय युवा कांग्रेस ने एआई समिट का विरोध करने के लिए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को भुगतान किया। हम इससे स्पष्ट रूप से इनकार करते हैं। किसी को पैसे नहीं दिए गए और इस बारे में किए गए दावे गलत और भ्रामक हैं।’’

उन्होंने कहा कि जैसे ही कानूनी कार्रवाई की शुरुआत की गई तो कई इन्फ्लुएंसर ने अपने वीडियो हटा लिए।

सुप्रिया ने दावा किया, ‘‘उनमें से किसी ने भी उस व्यक्ति का नाम या नंबर नहीं बताया जिसने उनसे संपर्क किया था। ये प्रभावशाली लोग मोदी समर्थक, भाजपा समर्थक तंत्र का हिस्सा हैं और नियमित रूप से भाजपा के विमर्श को बढ़ावा देते हैं।’

उनका कहना था, ‘‘यह फर्जी कहानी भाजपा आईटी सेल द्वारा गढ़ी गई। लोग एआई समिट के बारे में सच्चाई भी जानते हैं। वहां व्यापक कुप्रबंधन था, सामन की चोरी हुई, इंटरनेट सही से काम नहीं कर रहा था और चीन के रोबोट को अपना बताकर पेश किया गया।’’

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश