नोएडा: छात्र की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Ads

नोएडा: छात्र की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 12:01 AM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 12:01 AM IST

नोएडा (उप्र), 27 मई (भाषा) नोएडा में जेवर थानाक्षेत्र के बनवारीवास गांव में एक छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने साबौता रजवाहे के पास मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो के पैर में गोली लगी है।

उन्होंने कहा कि घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिश्र ने बताया कि जेवर के बनवारीवास गांव का नौंवी कक्षा का छात्र गोपाल शर्मा 21 मई की शाम को गायब हो गया था तथा 22 मई की रात करीब 10 बजे उसका शव पड़ोसी गांव रोही के बंद पड़े एक मकान में मिला था।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डेढ माह पहले गोपाल की दादी उस स्थान पर पहुंची थीं जहां बैठकर वे लोग हुक्का आदि का नशा करते थे। छात्र की दादी ने अपने पोते को नशे की लत में फंसाने का आरोप लगाकर उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाई थी।

मिश्र के अनुसार यह बात आरोपियों को नागवार गुजरी और 21 मई को छात्र जब उनके पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसे हुक्के में अधिक तंबाकू डालकर पिलाया जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार शव को ठिकाने लगाने का मौका नहीं मिलने पर उन्होंने शव को मकान में छोड़ दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं राजकुमार शोभना

शोभना