भुवनेश्वर, तीन अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को आगामी जनगणना में लोगों से सहयोग करने की अपील की। मकानों की सूची बनाने की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होगी।
मुख्यमंत्री माझी ने एक वीडियो संदेश में लोगों से स्व गणना सहित इस प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया। यह प्रक्रिया घर-घर सर्वेक्षण से पहले की जा रही है।
माझी ने कहा, ‘‘मैंने स्व गणना कर ली है। आप भी ऐसा करें।”
उन्होंने कहा कि यदि आपने अभी तक अपनी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है, तो जानकारी प्रदान करें और जनगणना में सहयोग दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया ओडिशा में जनगणना निदेशालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 30 जिलों में 16 अप्रैल से 15 मई तक मकानों की सूची बनाने और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसके दौरान प्रशिक्षित गणनाकर्ता और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे।
माझी ने कहा कि स्व गणना की प्रक्रिया एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह जानकारी राज्य और देश के विकास कार्यक्रमों की योजना और क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण है। लोगों को पूर्ण सहयोग करना चाहिए और सटीक जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।’’
भाषा
प्रचेता माधव
माधव