ओडिशा के डीजीपी ने आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए
ओडिशा के डीजीपी ने आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए
भुवनेश्वर, 10 मई (भाषा) ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई. बी. खुरानिया ने रविवार को पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपराधियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के तामील में तेजी लाएं और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) को लागू करें।
कानून व्यवस्था पर हुई डिजिटल समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए गए जिसमें सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी), रेंज महानिरीक्षकों (आईजी) और डीआईजी ने भाग लिया।
खुरानिया ने अधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और सभी थानों में गश्त बढ़ाने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने जिला पुलिस प्रमुखों से अपराध पर नियंत्रण करने और पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाने तथा जनता का पुलिस पर भरोसा कायम करने के लिए ‘‘विशिष्ट और प्रभावी’’ कदम उठाने को कहा।
डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों (ईआरवी) में तैनात कर्मियों को पेशेवर और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने का निर्देश दिया और कहा कि इससे आपात स्थितियों और जटिल परिस्थितियों में उनकी त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता बढ़ेगी।
ये निर्देश ओडिशा में कानून-व्यवस्था की समस्या को लेकर लोगों में बढ़ती चिंता के बीच आए हैं। हाल में हुई कई घटनाओं को लेकर राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई है जिसमें बलात्कार के प्रयास के आरोप में सात मई को जीआरपी कांस्टेबल की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या और पुरी जिले के कनास क्षेत्र में दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर हमला शामिल है।
भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को डीजीपी को राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश

Facebook


