ओडिशा के मंत्री ने पेंशन वितरण में देरी के लिए तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया

Ads

ओडिशा के मंत्री ने पेंशन वितरण में देरी के लिए तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 10:24 PM IST

भुवनेश्वर, तीन जून (भाषा) ओडिशा के सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री नित्यानंद गोंड ने बुधवार को कहा कि स्पर्श पोर्टल में तकनीकी खराबी आने के कारण केंद्र प्रायोजित राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के तहत पेंशन वितरण प्रभावित हुआ है।

मंत्री ने कहा कि लाभार्थियों को अगले सात दिन के भीतर राशि मिल जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम तकनीकी खराबी को ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि सात दिन के भीतर इसे ठीक कर लेंगे। लाभार्थियों से अनुरोध है कि वे कुछ और दिन तक प्रतीक्षा करें।’’

उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी दूर होने के बाद, एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (आईएफएमएस) के माध्यम से पेंशन भुगतान वास्तविक समय पर किया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ओडिशा में लगभग 50 लाख लोगों को राज्य और केंद्र सरकार, दोनों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलती है।

इस बीच, विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने समाज के कमजोर वर्ग के बीच पेंशन वितरण में देरी को लेकर भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की।

बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने कहा, ‘‘हमने कभी नहीं सुना कि बुजुर्गों को महीनों तक पेंशन नहीं मिला हो। नवीन पटनायक के कार्यकाल में सामाजिक सुरक्षा पेंशन हर महीने की 15 तारीख को वितरित की जाती थी। लेकिन अब भाजपा सरकार ने कमजोर लोगों को बदहाली में धकेल दिया है।’’

एनएसएपी के तहत वृद्धावस्था, विधवा और विकलांगता पेंशन के लाभार्थियों को प्रति माह 1,000 रुपये मिलते हैं, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों और 80 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले व्यक्तियों को इस योजना के तहत प्रति माह 3,500 रुपये की पेंशन मिलती है।

भाषा सुभाष माधव

माधव