भुवनेश्वर, 28 फरवरी (भाषा) ओडिशा के थाईलैंड में फंसे दो और श्रमिक शनिवार को प्रदेश लौट आए। राज्य सरकार ने उन्हें दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश से वापस लाने के लिए कदम उठाए थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि चार अन्य लोग 21 फरवरी को राज्य लौट आए थे।
अधिकारी ने बताया कि इन युवकों की पहचान केंद्रपाड़ा जिले के राजकनिका ब्लॉक में उपुलेई गांव के प्रशांत कुमार राउत और कुजीपुर गांव के जशोबंत साहू के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया, ‘थाईलैंड में फंसे छह लोगों में से चार पिछले हफ्ते ओडिशा लौट आए थे और दो वीजा संबंधी कुछ समस्याओं के कारण उस समय नहीं आ सके थे।’
ये छह युवक अगस्त 2025 में एक प्लाईवुड कंपनी में काम करने के लिए थाईलैंड गए थे।
अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें थाईलैंड में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कंपनी के मालिक ने वेतन का भुगतान भी नहीं किया।
अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों ने दावा किया कि उन्हें कई दिन बिना भोजन के बिताने पड़े।
अधिकारी ने बताया कि “उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से ओडिशा सरकार से घर लौटने के लिए सहायता की अपील की थी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए, राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय की मदद से उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की।”
युवकों ने समय पर सहायता प्रदान करने और उनकी वापसी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाषा
राखी माधव
माधव