ओडिशा: सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोप में आबकारी अधीक्षक, पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया
ओडिशा: सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोप में आबकारी अधीक्षक, पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया
भुवनेश्वर, 12 सितंबर (भाषा) ओडिशा के सतर्कता विभाग की टीम ने भ्रष्टाचार के आरोप में एक आबकारी अधीक्षक और एक पुलिस सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अधिकारियों की पहचान राउरकेला के आबकारी अधीक्षक धनेश्वर बराड़ और गंजाम जिले के खलीकोट थाने में तैनात एएसआई सुजीत पाणिग्रही के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सतर्कता विभाग के दस्तों ने शुक्रवार शाम एक वाहन को रोककर उसमें से पांच लाख रुपये नकद जब्त किए।
राउरकेला प्रभाग के एसपी (सतर्कता) हरेकृष्ण मांझी ने बताया कि आबकारी अधीक्षक कथित तौर पर एक स्थानीय शराब दुकान के सेल्समैन के जरिए यह रकम अपने घर भिजवा रहा था।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान बराड़ जब्त नकदी के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सका।
एसपी ने बताया कि इसके बाद सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने बराड़ की संपत्तियों की तलाशी ली और इस दौरान भुवनेश्वर में एक दो मंजिला इमारत, भुवनेश्वर और नयागढ़ में चार भूखंड तथा विभिन्न खातों में 33.97 लाख रुपये का जमा धन का पता चला।
भाषा सुमित देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


