जयपुर, 27 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता और आदर्श नगर के विधायक रफीक खान ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के कार्यालय का दौरा किया और अपने विधानसभा क्षेत्र में पेयजल समस्याओं को लेकर जन सुनवाई की।
खान अपने साथ एक बोतल लेकर पहुंचे जिसमें कथित तौर पर सरकारी नलों से आपूर्ति किया गया दूषित पानी भरा था।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि या तो वे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और पीने योग्य पानी उपलब्ध कराएं, अन्यथा वही पानी खुद पीने के लिए तैयार रहें।
वह अपने साथ उन लोगों को भी लाए जो पानी की कमी, गंदे पानी की आपूर्ति और अनियमित वितरण जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
विधायक ने आगरा रोड की एक कॉलोनी की शिकायत भी उठाई, जहां अपर्याप्त जलापूर्ति के कारण कुछ लोगों द्वारा पाइपलाइन काटे जाने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे अन्य निवासियों के अधिकार प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से तुरंत पाइपलाइन की मरम्मत करने और सभी घरों में नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने को कहा। भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन