वायनाड (केरल), छह फरवरी (भाषा) केरल में वायनाड के मनंथावडी में एक कार में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान कन्नूर जिले के इरिट्टी के किल्यंथारा निवासी सजीर एमपी (45) के रूप में हुई।
मनंथावडी पुलिस ने बताया कि कार के अंदर मौजूद सजीर की पत्नी और तीन बच्चों को बचा लिया गया और उन्हें कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि यह घटना आत्महत्या का प्रयास है क्योंकि सजीर ने कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा था कि वायनाड के एक व्यक्ति द्वारा धोखा दिए जाने के बाद उसे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है जिससे वह अपनी जान देना चाहता है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10.30 बजे घटी, जब कार मनंथावडी के एरुमाथेरुव में एक घर के सामने रुकी और अचानक उसमें आग लग गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सजीर पर वाहन के अंदर ईंधन डालकर आग लगाने का संदेह है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग इंजन कक्ष में नहीं लगी थी, वह पूरी तरह सुरक्षित पाया गया।
पुलिस ने बताया कि सजीर की पत्नी और बच्चों की हालत स्थिर है, हालांकि वे 30 से 50 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
मनंथावडी पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मृतक के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करेगी और परिजनों के बयान दर्ज करके घटना के सटीक कारण का पता लगाएगी।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा