फरीदाबाद (हरियाणा), सात फरवरी (भाषा) सूरजकुंड मेले में शनिवार को झूला टूट कर गिरने से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वहीं, इस घटना से लगभग एक घंटे पहले मेला स्थल पर एक दरवाजा गिरने से एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए तुरंत व्यवस्था की गई।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे झूले पर लगभग 15 लोग बैठे थे, तभी अचानक वह गिर गया। घायलों की मदद के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव अभियान के दौरान, एक स्टॉल संचालक राघव भी झूले की ग्रिल चपेट में आ गया, जिससे उसके कंधे में चोट आई।
इससे पहले, शाम करीब पांच बजे मेला मैदान का एक दरवाजा अचानक गिर गया, जिससे एक बच्चे सहित दो लोग घायल हो गए।
भाषा शफीक माधव
माधव