राजकोट (गुजरात), 24 फरवरी (भाषा) गुजरात में राजकोट नगर निगम (आरएमसी) ने अजी नदी के किनारे बसी अवैध बस्तियों के विरूद्ध व्यापक अतिक्रमण रोधी अभियान के तहत 1,300 से अधिक घरों को ध्वस्त कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राजकोट नगर निगम ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नदी के किनारे स्थित जांगलेश्वर के ढाई किलोमीटर क्षेत्र में 1,400 से अधिक अवैध बस्तियों को हटाने के लिए अभियान शुरू किया था।
नगर आयुक्त तुषार सुमेरा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलवार दोपहर दो बजे तक आरएमसी ने अजी नदी के किनारे लगभग 1,350 घरों को ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि बहुमंजिला इमारतों और आलीशान बंगलों को गिराने में समय लग रहा है, क्योंकि इन्हें मिट्टी खुदाई करने वाली मशीन से ध्वस्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने आगे कहा कि 65 से अधिक मिट्टी खुदाई करने वाली मशीन के अलावा, आलीशान बंगलों को ध्वस्त करने के लिए अत्यधिक बड़े ‘हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर’ तैनात किये गए हैं।
अतिक्रमण रोधी यह कार्रवाई कड़ी सुरक्षा के बीच की जा रही है, जिसमें स्थानीय पुलिस, निगरानी दल, ड्रोन निगरानी इकाइयां, विशेष अभियान समूह, त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) और राज्य आरक्षित पुलिस बल के 2,500 से अधिक कर्मी तैनात किये गये हैं।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप