जम्मू, 11 जुलाई (भाषा) जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर से 2,435 महिलाओं समेत 9,182 श्रद्धालुओं का 10वां जत्था शनिवार को दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए रवाना हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं के इस जत्थे में 256 साधु, 46 साध्वियां और 31 बच्चे भी शामिल हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार तड़के श्रद्धालु अलग-अलग काफिलों में अनंतनाग के नुनवान-पहलगाम और गांदरबल के बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुए।
अधिकारियों ने बताया कि 5,877 श्रद्धालु 206 वाहनों के काफिले में पहलगाम आधार शिविर की ओर जा रहे हैं, जबकि 3,305 श्रद्धालुओं ने बालटाल मार्ग को चुना है और वे 127 वाहनों में सवार होकर रवाना हुए।
दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की 57 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा तीन जुलाई को दोनों मार्गों से शुरू हुई थी। यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पर्व के साथ संपन्न होगी।
इस वर्ष अब तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
भाषा गोला रंजन
रंजन