पन्नीरसेल्वम ने जयललिता के आदर्शों के साथ विश्वासघात किया: पीयूष गोयल

Ads

पन्नीरसेल्वम ने जयललिता के आदर्शों के साथ विश्वासघात किया: पीयूष गोयल

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 08:46 PM IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

मदुरै (तमिलनाडु), 28 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (एआईएडीएमके) के निष्कासित नेता ओ पनीरसेल्वम के सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) में शामिल होने को लेकर उन पर शनिवार को निशाना साधते हुए कहा कि उनका यह कदम दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के आदर्शों के साथ विश्वासघात के समान है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के स्वाभिमानी लोग पनीरसेल्वम के द्रमुक में शामिल होने के लिए उन्हें माफ नहीं करेंगे।

एक समय अन्नाद्रमुक की दिग्गत नेता जयललिता के विश्वासपात्र रहे ओ पनीरसेल्वम अपने बेटे ओ पी रवींद्रनाथ और कुछ समर्थकों के साथ राज्य के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की मौजूदगी में शुक्रवार को द्रमुक में शामिल हो गए।

यह पूछे जाने पर कि क्या पनीरसेल्वम के द्रमुक में शामिल होने से राज्य में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को झटका लगेगा, गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इसका चुनावी मैदान में राजग गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को मदुरै दौरे से पहले गोयल यहां आए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘तमिलनाडु के लोगों ने इस बात पर गौर किया है कि अन्नाद्रमुक नेता एवं दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता ने जिस व्यक्ति को इतना सम्मान, स्नेह और मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया, उसी ने जयललिता के दर्शन एवं उच्च आदर्शों की पीठ में छुरा घोंप दिया।’’

भाजपा के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी गोयल ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि राज्य के लोग पनीरसेल्वम को माफ नहीं करेंगे।’’

भाषा

सिम्मी माधव

माधव