पणजी, आठ मार्च (भाषा) पुलिस ने रविवार को बताया कि दिल्ली-गोवा उड़ान के शौचालय में कथित तौर पर बीड़ी पीने के आरोप में एक विमान यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई जब दिल्ली निवासी आरोपी आशीष, राष्ट्रीय राजधानी से तटीय राज्य गोवा जाने वाली अकासा एयर की उड़ान क्यूपी-1625 में यात्रा कर रहा था।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, एयरलाइन ने अपनी शिकायत में कहा है कि उड़ान के दौरान यात्री ने कथित तौर पर विमान के शौचालय में ‘बीड़ी’ पी और उसके पास एक लाइटर भी पाया गया, जिससे विमान और उसमें सवार यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।
पुलिस ने कहा कि उड़ान के दौरान इस कृत्य से सहयात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और नागरिक उड्डयन सुरक्षा के खिलाफ गैरकानूनी कृत्यों के दमन अधिनियम के तहत हवाई अड्डा के पुलिस थाना में विमान यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश