नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘कंप्रोमाइज्ड’ (दबाव में) किया जा चुका है, इसलिए उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया है।
उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री ने इस समझौते के माध्यम से देश को ‘‘बेच दिया है’’ तथा इस बात से डरे हुए हैं कि उनकी ‘छवि का गुब्बारा’ कहीं फूट न जाए।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘किसी न किसी कारण नरेन्द्र मोदी जी ने उस समझौते पर हस्ताक्षर कर दिया…मोदी जी पर भयंकर दबाव है। मोदी जी को इस बात का डर है कि उनकी छवि का गुब्बारा फूट सकता है जो हजारों करोड़ रुपये खर्च करके बनाया गया।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘मुख्य बात यह है कि प्रधानमंत्री को ‘कंप्रोमाइज्ड’ किया गया है। किसने किया है, कैसे किया है यह हिंदुस्तान की जनता को सोचना है।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘हिंदुस्तान के किसानों को यह समझना चाहिए कि इस समझौते में आपकी मेहनत और खून-पसीने को नरेन्द्र मोदी जी ने बेच दिया है क्योंकि वह कंप्रोमाइज्ड हैं। उन्होंने सिर्फ आपको नहीं, देश को बेच दिया है।’’
राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने नहीं दिया जा रहा है।
भाषा हक हक वैभव
वैभव
वैभव