प्रधानमंत्री मोदी 31 मार्च को जैन संग्रहालय और सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करेंगे

Ads

प्रधानमंत्री मोदी 31 मार्च को जैन संग्रहालय और सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करेंगे

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 08:46 PM IST

अहमदाबाद, 29 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मार्च को गुजरात के दौरे पर आयेंगे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपनी इस यात्रा के दौरान कोबा में जैन संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे, साणंद में एक सेमीकंडक्टर संयंत्र की शुरुआत करेंगे और नवगठित वाव-थराद जिले में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

गुजरात सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास और रेलवे परियोजनाओं का भी अनावरण करेंगे।

मोदी सबसे पहले गांधीनगर जिला पहुंचेंगे, जहां वह कोबा गांव में स्थित श्री महावीर जैन आराधना केंद्र में नवनिर्मित ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद वह एक सभा को संबोधित भी करेंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार जैन विरासत और अहिंसा के मूल्यों को समर्पित इस संग्रहालय में सात दीर्घाओं में दुर्लभ कलाकृतियां, प्राचीन पांडुलिपियां और मूर्तियां प्रदर्शित हैं, जो भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करती हैं।

इसके अनुसार कोबा से मोदी अहमदाबाद के निकट साणंद जाएंगे, जहां वह केन्स सेमीकॉन के ‘आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट’ (ओएसएटी) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे, जिसे अनुमानित 3,300 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जा रहा है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस संयंत्र से भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलने और गुजरात के वैश्विक सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरने को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इसमें कहा गया है कि अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री नवगठित वाव-थराद जिले के लखनी तालुका पहुंचेंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे और 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास और रेलवे परियोजनाओं का ऑनलाइन तरीके से उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान, मोदी हिम्मतनगर होते हुए खेदब्रह्मा और अहमदाबाद के बीच एक नयी ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री वडनगर में हेरिटेज टाउन और सड़क सौंदर्यीकरण परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे, जिसका उद्देश्य ऐतिहासिक शहर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और पर्यटन को बढ़ावा देना है।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश