प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दो वंदे भारत रेलगाड़ियों की शुरुआत करेंगे : दक्षिण रेलवे
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दो वंदे भारत रेलगाड़ियों की शुरुआत करेंगे : दक्षिण रेलवे
चेन्नई, 30 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 अगस्त को दक्षिण भारत में वंदे भारत एक्सप्रेस की दो नयी सेवाओं की शुरुआत हरी झंडी दिखाकर करेंगे। दक्षिण रेलवे ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल -नागरकोइल वंदे भारत और मदुरै- बेंगलुरु छावनी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
विज्ञप्ति में बताया गया कि नागरकोइल तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस केवल उद्घाटन के दिन डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से रवाना की जाएगी लेकिन इसकी नियमित सेवा चेन्नई एग्मोर (चेन्नई एषुंबूर) से होगी। यह बुधवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिन संचालित की जाएगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, रेलगाड़ी संख्या 20627 वंदे भारत एक्सप्रेस चेन्नई एग्मोर से सुबह पांच बजे रवाना होगी और उसी दिन अपराह्न 1.50 बजे नागरकोइल पहुंचेगी। नागरकोइल जंक्शन पहुंचने से पहले यह तांबरम, विल्लुपुरम, तिरुचिरापल्ली, डिंडुगल, मदुरै, कोविलपट्टी और तिरुनेवेली में रुकेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि वापसी में यह ट्रेन संख्या 20628 के रूप में नागरकोइल जंक्शन से अपराह्न 2.20 बजे रवाना होगी और रात 11 बजे चेन्नई एग्मोर पहुंचेगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, मदुरै और बेंगलुरु छावनी के बीच वंदे भारत सेवा मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी। ट्रेन संख्या 20671 के रूप में यह मदुरै से सुबह 5.15 बजे रवाना होगी और अपराह्न एक बजे बेंगलुरु छावनी पहुंचेगी।
दक्षिण रेलवे के मुताबिक यह रेलगाड़ी अपराह्न 1.30 बजे बेंगलुरु छावनी से रवाना होगी और रात 9.45 बजे मदुरै पहुंचेगी तथा दोनों तरफ डिंडुगल, तिरुचिरापल्ली, करूर, नमक्कल, सलेम और कृष्णराजपुरम में रुकेगी।
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा

Facebook


