तिरुवनंतपुरम, 29 जून (भाषा) केरल सरकार द्वारा शराब पर कर कम किये जाने के खिलाफ सोमवार को विधानसभा तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो)के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ीं।
टीवी पर प्रसारित दृश्यों में दिख रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई के करीब 100 कार्यकर्ता विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे हैं।
कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ)सरकार द्वारा हाल में पेश राज्य बजट में कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों पर कर कम करने का प्रस्ताव रखा गया जिसकी समाज के विभिन्न वर्गों ने आलोचना की।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और भाजपा के नेताओं ने इस कदम की आलोचना की है और इसे वापस लेने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों को विधानसभा पहुंचने से पहले ही पुलिस ने अवरोधक लगाकर रोक दिया।
प्रदर्शन के हिंसक होने पर पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं समेत प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें छोड़ी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने वहां से हटने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से हटाया।
पुलिस द्वारा महिला कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश करने के दौरान दोनों पक्षों के बीच मामूली झड़प भी हुई।
बाद में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस की गाड़ियों के जरिये नजदीकी पुलिस थाने ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
भाषा धीरज नरेश
नरेश