नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण के कथित तौर पर लीक होने के संबंध में पेंगुइन इंडिया के प्रतिनिधियों से पूछताछ की है और यह रक्षा मंत्रालय से अनिवार्य मंजूरी को दरकिनार करने के समन्वित प्रयास की संभावना की भी जांच कर रही है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने इससे पहले लगभग 15 सवालों के जवाब मांगने के लिए प्रकाशक को नोटिस जारी किया था और बुधवार को गुरुग्राम स्थित संबंधित कार्यालय का दौरा भी किया था।
सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार को कंपनी प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। उन्होंने कुछ सवालों के जवाब दिए और अन्य सवालों के जवाब देने के लिए समय मांगा।
पुलिस ने कहा कि जवाबों का विश्लेषण किया जा रहा है और प्रबंधन तथा प्रकाशन प्रतिनिधियों से आगे की पूछताछ किए जाने की संभावना है।
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान में कहा था कि पुस्तक का प्रकाशन नहीं हुआ है और कंपनी द्वारा इसकी कोई भी प्रति, चाहे यह मुद्रित हो या डिजिटल, जारी, वितरित या बेची नहीं गई है।
भाषा नेत्रपाल आशीष
आशीष