भुवनेश्वर: Policemen Banned from Phones: भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्तालय ने राज्य सचिवालय, लिंगराज मंदिर और ओडिशा उच्च न्यायालय सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर रहने के दौरान सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा करने पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
Policemen Banned from Phones: पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह ने एक आदेश में कहा कि यह देखा गया है कि कुछ पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी, तैनाती और कार्यस्थलों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक मंचों पर साझा कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि कुछ मामलों में ऐसे वीडियो अनजाने में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की गोपनीय जानकारी और संवेदनशील स्थानों का खुलासा कर देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की चूक और लापरवाही से सुरक्षा में सेंध लग सकती है और संवेदनशील सूचनाएं सार्वजनिक हो सकती हैं, जिससे भविष्य में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ सकती हैं।’’ आदेश में सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के प्रभारियों को ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और उन्हें रोकने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया, ‘‘संतरी के ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध है।’’