तेलंगाना नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी

Ads

तेलंगाना नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 08:15 AM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 08:15 AM IST

हैदराबाद, 11 फरवरी (भाषा) तेलंगाना में 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों में चुनाव के लिए बुधवार को मतदान जारी है।

इन चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी दलों – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

कुल 52.17 लाख मतदाता मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 25.50 लाख पुरुष और 26.67 लाख महिलाएं शामिल हैं।

तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने बताया कि 116 नगरपालिकाओं में 2,569 वार्ड के लिए 10,719 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं तथा सात नगर निगमों के 412 वार्ड में 2,225 उम्मीदवार मैदान में हैं।

एसईसी ने कहा है कि 41,000 से अधिक मतदानकर्मी तैनात किए गए हैं और चुनाव के लिए 16,382 मतपेटियों का इस्तेमाल किया जाएगा।

मतगणना 13 फरवरी को होगी।

पिछले साल दिसंबर में ग्राम पंचायत चुनावों में बड़ी सफलता के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस का लक्ष्य राज्य की राजनीति में प्रमुख खिलाड़ी के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करना है जबकि भाजपा कांग्रेस एवं बीआरएस के एक विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरने की उम्मीद के साथ चुनावी मैदान में है।

बीआरएस ने 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद ग्राम पंचायत चुनावों में संतोषजनक प्रदर्शन किया और वह नगर निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य में अपनी स्थिति को मजबूत करने की इच्छुक है।

भाषा सिम्मी सुरभि

सुरभि