ईरान की जीत और युद्ध समाप्ति के लिए प्रार्थना कर रही हूँ: महबूबा

Ads

ईरान की जीत और युद्ध समाप्ति के लिए प्रार्थना कर रही हूँ: महबूबा

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 09:45 PM IST

कठुआ/जम्मू, 29 मार्च (भाषा) पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया संघर्ष में ईश्वर से ईरान की जीत और युद्ध समाप्ति के लिए प्रार्थना कर रही हैं।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार और भाजपा नीत केंद्र सरकार पर लोगों की समस्याओं को सुलझाने में ‘‘पूरी तरह से नाकाम रहने’’ का भी आरोप लगाया।

महबूबा ने कठुआ ज़िले के हीरानगर में पीडीपी की रैली से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘ईरान के भारत के साथ बहुत गहरे संबंध रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) ने युद्ध शुरू होने से ठीक पहले इजराइल का दौरा किया, जिससे अच्छा संदेश नहीं गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर को ‘ईरान-ए-सगीर’ (छोटा ईरान) कहा जाता था, जो यह दर्शाता है कि हमारे संबंध कितने घनिष्ठ रहे हैं। इस्लाम हमारे यहाँ ईरान के रास्ते ही आया, और हममें कई समानताएँ हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “जिस तरह जम्मू-कश्मीर के लोग ईरान के लिए सड़कों पर उतरे हैं – पैसे जमा कर रहे हैं, मदद की पेशकश कर रहे हैं, सोने के गहने और घर का सामान दान कर रहे हैं – वह एक महान भावना को दर्शाता है।’’

उन्होंने ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना कर रही हैं कि ईरान विजयी हो और युद्ध समाप्त हो जाए।

महबूबा ने कहा, “युद्ध का भारत पर भी बहुत नकारात्मक असर पड़ रहा है। पूरी दुनिया प्रभावित है, और चीज़ें महँगी होती जा रही हैं।”

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप