राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां तेज, केपी मैदान की सफाई में जुटे कर्मचारी

Ads

राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां तेज, केपी मैदान की सफाई में जुटे कर्मचारी

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 01:14 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 01:14 PM IST

प्रयागराज, आठ अगस्त (भाषा) प्रयागराज के केपी मैदान में शनिवार शाम प्रस्तावित राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए स्थल को तैयार करने में नगर निगम के कर्मचारी और कांग्रेस कार्यकर्ता युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं।

पिछले कई दिनों से शहर में हुई भारी बारिश के कारण केपी मैदान में काफी पानी और कीचड़ है जिसे हटाने और जमीन को समतल करने के लिए कई जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।

कर्मचारी जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने में भी जुटे हैं।

कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने कहा कि कार्यक्रम स्थल की अनुमति देर से मिलने के कारण समय पर तैयारियां पूरी नहीं हो सकीं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि शाम तक कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

इस बीच, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद युवा छात्र विवेक शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि देश में बेरोजगारी और प्रश्नपत्र लीक होना बड़ी समस्या है तथा मौजूदा सरकार इससे निपटने में नाकाम नजर आ रही है।

उन्होंने कहा कि यही वजह है कि युवा राहुल गांधी के आज के कार्यक्रम में उनके विचार सुनने के लिए पहुंच रहे हैं।

इस बीच, कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इस आवाज को तेज और स्पष्ट होने दें। हम हर छात्र के भविष्य के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।’’

युवा कांग्रेस ने भी एक पोस्ट में कहा, “छात्रों की गूंज… इस शाम बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए युवाओं की आवाज बुलंद होगी। आज आठ अगस्त को 250 से अधिक शहरों से विद्यार्थी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से संवाद करने प्रयागराज में एकत्रित होंगे।”

भाषा राजेंद्र खारी

खारी

शीर्ष 5 समाचार