राष्ट्रपति मुर्मू ने गंगटोक में महिलाओं के लिए विशेष बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

Ads

राष्ट्रपति मुर्मू ने गंगटोक में महिलाओं के लिए विशेष बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 07:09 PM IST

गंगटोक, 27 मई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को गंगटोक में विशेष रूप से महिलाओं के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की उपस्थिति में रिज पार्क में ‘पिंक सिटी रनर – आमा दीदी बहिनी बस सेवा’ शुरू की गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह सेवा अपने आप में अनूठी है क्योंकि इसका संचालन पूरी तरह से महिलाओं द्वारा किया जाता है।

उन्होंने बताया कि पिंक सिटी रनर बसें रानीपूल और गंगटोक के सचिवालय के बीच 25 रुपये के किराए पर चलेंगी, जो लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी।

उन्होंने बताया कि बसों में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और एयर कंडीशनिंग की सुविधा है ताकि सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित हो सके।

तमांग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘पिंक सिटी रनर – आमा दीदी बहिनी बस सेवा, हमारी सरकार की अनूठी पहल की शुरुआत भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा किया जाना हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक परिवहन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में महिलाओं की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘इस तरह की प्रगतिशील पहल न केवल लैंगिक समानता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि देश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत और आधुनिक भी बनाती हैं।’

भाषा

राखी नरेश

नरेश