राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान पूरे आदिवासी समाज का अपमान : भाजपा नेता गोपीचंद मीणा

Ads

राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान पूरे आदिवासी समाज का अपमान : भाजपा नेता गोपीचंद मीणा

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 09:17 PM IST

जयपुर, नौ मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के हालिया दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान पूरे आदिवासी समाज का अपमान है।

मीणा ने कहा कि सात मार्च को अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के दौरे पर गई थीं और इस दौरान राज्य सरकार तथा प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति से जुड़े प्रोटोकॉल का समुचित पालन नहीं किया गया जोकि अत्यंत गंभीर व चिंताजनक है।

उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा, भारतीय लोकतंत्र की प्रतिष्ठा और पूरे आदिवासी समाज की अस्मिता को आहत करने वाली अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है।”

भाजपा नेता के अनुसार राष्ट्रपति पद की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा, असंवेदनशीलता या लापरवाही लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रपति पद के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान रखता है, इसलिए इस पद की गरिमा से जुड़ी किसी भी प्रकार की घटना पूरे राष्ट्र की भावनाओं को आहत करती है।

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत