नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि पिछले महीने एक स्कूल वैन और निमतीता-कटवा पैसेंजर ट्रेन की टक्कर की मुख्य वजह यह थी कि ट्रेन के गुजरने के समय गेटमैन ने सड़क यातायात के लिए रेलवे फाटक को खोल दिया था।
यह घटना 17 जुलाई 2026 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक मानवयुक्त रेलवे फाटक (जहां गेटमैन तैनात होता है) पर हुई थी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
वैष्णव ने द्रमुक सांसद टीएम सेल्वागणपति के प्रश्नों के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। द्रमुक सदस्य ने इस रेल हादसे के बारे में पूछा और यह भी सवाल किया कि क्या हाल के वर्षों में रेलवे फाटक पर दुर्घटनाएं बढ़ी हैं।
मंत्री ने कहा कि स्कूल वैन और ट्रेन संख्या 53054 डाउन निमतीता-कटवा पैसेंजर के बीच टक्कर 17 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 6.40 बजे पूर्व रेलवे के हावड़ा डिवीजन के अजीमगंज-कटवा खंड पर मानवयुक्त रेलवे फाटक संख्या 24ए/2 पर हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘जब ट्रेन गुजर रही थी, तो रेलवे फाटक बंद होना चाहिए था, लेकिन वह खुला हुआ था। इस ट्रेन से ठीक पहले, 13431 अप नबद्वीप एक्सप्रेस सुबह लगभग 6:39 बजे रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान वहां से गुजरी थी।’’
वैष्णव ने बताया, ‘‘हालांकि, इस ट्रेन के गुजरने के बाद गेटमैन ने फाटक खोल दिया, जबकि 53054 डाउन निमतीता-कटवा पैसेंजर ट्रेन आने वाली थी।’’
रेल मंत्री ने लोकसभा को बताया कि अजीमगंज में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ड्यूटी पर मौजूद गेटमैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
हादसे में हुई जनहानि के बारे में वैष्णव ने बताया कि इसमें पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
वैष्णव ने कहा, ‘‘रेलवे ने मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजे के तौर पर कुल 56 लाख रुपये दिए हैं।’’
रेल सुरक्षा पर जोर देते हुए वैष्णव ने बताया कि हादसों में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में जून तक सिर्फ दो घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 3 वर्षों और मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक (30.07.2026 तक), भारतीय रेलवे में मानवयुक्त रेलवे फाटक पर ट्रेन की टक्कर की 3 घटनाएं हुई हैं।’’
भाषा वैभव सुभाष
सुभाष