मलाप्पुरम (केरल), 23 मार्च (भाषा) इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल को निशाना बनाकर किए गए कथित ऑनलाइन हमले के मामले में सोमवार को जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पार्टी की शिकायत पर मलाप्पुरम साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम को सोशल मीडिया पर थंगल के खिलाफ एक अपमानजनक पोस्ट सामने आया था।
पुलिस ने कहा कि भले ही पोस्ट को कुछ ही घंटों में हटा लिया गया था लेकिन तब तक यह सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से फैल चुका था
इस घटना के बाद, आईयूएमएल ने मलाप्पुरम साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आईयूएमएल नेता पी.के. कुन्हालिकुट्टी ने कहा कि पार्टी ने फर्जी आईडी से थंगल के खिलाफ निराधार आरोप लगाने वाले पोस्ट के संबंध में पुलिस से संपर्क किया है।
उन्होंने कहा, ‘फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पार्टी ने इस घटना में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। थंगल को बदनाम करने के किसी भी प्रयास से निपटने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।’
उन्होंने जनता से ऐसे झूठे प्रचार से गुमराह न होने का भी आग्रह किया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना