पंजाब: बीकेयू (एकता उगराहां) का विरोध प्रदर्शन लगातार सातवें दिन भी जारी

Ads

पंजाब: बीकेयू (एकता उगराहां) का विरोध प्रदर्शन लगातार सातवें दिन भी जारी

  •  
  • Publish Date - October 15, 2022 / 07:41 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:24 PM IST

चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के संगरूर जिले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास के पास भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) की अगुवाई में बड़ी संख्या में किसानों का धरना शनिवार को सातवें दिन भी जारी रहा।

किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर नौ अक्टूबर को अपना अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शनकारी बारिश और कीट के हमले के कारण फसलों को हुए नुकसान की वजह से मुआवजा देने, धान की पराली के प्रबंधन के लिए 200 रुपये प्रति क्विंटल की वित्तीय सहायता देने, भूमि अधिग्रहण के लिए किसानों को पर्याप्त मुआवजा देने और मक्का, मूंग तथा बासमती जैसी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रदान किए जाने की मांग कर रहे हैं।

इसके अलावा प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उन डेयरी किसानों को मुआवजा दिया जाए जिनके पशुओं की त्वचा रोग के कारण मृत्यु हुई है।

बीकेयू (एकता उगराहां) के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां ने कहा, ‘‘हम अपनी मांगें पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।’’

भाषा

जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल