पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष वडिंग और उनकी पत्नी बैलगाड़ी से मतदान केंद्र पहुंचे

Ads

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष वडिंग और उनकी पत्नी बैलगाड़ी से मतदान केंद्र पहुंचे

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 04:45 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 04:45 PM IST

चंडीगढ़/मुक्तसर, 26 मई (भाषा) पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग अपनी पत्नी अमृता के साथ मंगलवार को स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान के लिए बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

पंजाब में आठ नगर निगमों सहित 103 नगर निकायों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। वोटों की गिनती 29 मई को होगी।

लुधियाना के सांसद ने मुक्तसर में पत्रकारों से कहा कि बैलगाड़ी पर सवार होकर वोट डालने से वे पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान आम नागरिकों की दुर्दशा की ओर ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।

वडिंग ने कहा, ‘‘पेट्रोल की कीमत 105 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। स्थिति बद से बदतर हो गई है। महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। मैं (केंद्र सरकार को) एक संदेश देना चाहता हूं कि कृपया नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान दें।’’

सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2.61-2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई, जो दो सप्ताह से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है। सरकारी स्वामित्व वाले खुदरा विक्रेताओं ने अंतरराष्ट्रीय तेल की बढ़ती कीमतों का बोझ उपभोक्ताओं पर डालना जारी रखा है।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में नगर निकायों के 1,896 वार्डों में मतदान हो रहा है, जिनमें आठ नगर निगम ( मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट), 75 नगर पालिका परिषद और 20 नगर पंचायतें शामिल हैं।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश