लुधियाना, 20 मई (भाषा) पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के पूर्व मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) केडी चौधरी को राज्य सतर्कता ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पीएसपीसीएल के पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता संजीव प्रभाकर और लुधियाना स्थित ‘दामिनी रिजॉर्ट एंड बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक अमित गर्ग को भी लुधियाना में सतर्कता ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि बसंत एवेन्यू बिजली उपकेंद्र की डेवलपर कंपनी ने पीएसपीसीएल के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके अपनी अविकसित कॉलोनी में 1,015 वर्ग गज क्षेत्र में 66 केवी क्षमता का यह उपकेंद्र स्थापित करवाया था।
प्रवक्ता ने कहा कि अगर उस समय उच्च प्राधिकारियों ने क्षेत्रीय अधिकारियों को डेवलपर की सभी कॉलोनियों के अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) की जांच करने का निर्देश दिया होता और आपस में एक-दूसरे से जुड़ी हुई कॉलोनियों में संपूर्ण बिजली भार की गणना एक साथ की गई होती, तो 66 केवी उपकेंद्र का पूरा खर्च डेवलपर को उठाना पड़ता।
भाषा यासिर पारुल
पारुल